नगर की एक दुकान पर बिक्री को रखे ड्राई फ्रूट्स। संवाद
बुलंदशहर। इस्राइल-ईरान के बीच युद्ध से बाजार में केसर और सूखे मेवे महंगे होने लगे हैं। वर्तमान में मामरा बादाम, पिस्ता और खजूर के साथ अन्य मेवों के दाम में 10 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है। व्यापारियों का कहना है कि आयात न होने पर आने वाले दिनों में भाव और बढ़ सकते हैं।
ईरान से बड़ी मात्रा में देशभर में ड्राई फ्रूट्स का आयात होता है। इस्राइल-ईरान दोनों देशों के बीच पिछले कई दिनों से युद्ध चल रहा है। व्यापारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि ईरान से बुलंदशहर समेत देशभर में ड्राई फ्रूट्स की काफी आपूर्ति रहती है। इस्राइल से तनाव के बाद ईरान से आपूर्ति पर रोक लग गई।
इसका ज्यादा असर केसर की आपूर्ति पर पड़ा है। व्यापारी हितेश ने बताया कि इस्राइल-ईरान के बीच तनाव बढ़ने व आयात पर रोक लगने से ड्राई फ्रूट्स के दाम में वृद्धि हो रही है। कुछ ड्राई फ्रूट्स अन्य देशों से आने पर अधिक वृद्धि नहीं हुई। अगर तनाव अधिक दिनों तक रहा तो ड्राई फ्रूट्स के भाव और बढ़ जाएंगे।