ऊंचागांव क्षेत्र के कस्बा अमरगढ निवासी मृतक सुरेश चंद का फाइल फोटो:
ऊंचागांव। थाना नरसेना क्षेत्र के मांडू गंगा घाट के समीप एक साधु का शव पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को सूचना दी। जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
थाना जहांगीरबाद क्षेत्र के कस्बा अमरगढ़ निवासी 85 वर्षीय सुरेश चंद शर्मा करीब बीस वर्ष पूर्व सीबीसीआईडी में ऑफिसर के पद से सेवानिवृत होने के बाद संन्यास लेकर साधु बन गए थे। उनका परिवार मेरठ में रहता है, बीते दिनों वह मेरठ गए थे। बुधवार को वह वहां से लौटकर अपने गांव अमरगढ़ पहुंचे थे और बृहस्पतिवार को माण्डू आश्रम गंगा घाट के समीप स्वर्ग आश्रम पर पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनके दूसरे साथी गांव गजरौला से भिक्षा के लिए गए थे। गंगा स्नान करने गए ग्रामीणों ने सुबह करीब दस बजे उनका शव पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका देखा। इसकी सूचना उन्होंने आश्रम पर और पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने फॉरेसिंक टीम को सूचना देकर बुलाया। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को फंदे से नीचे उतारा गया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर उनके परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए।
घर से लौटने के बाद से थे परेशान
ग्रामीणों में साधु की मौत कारण गृहक्लेश होने की चर्चा है। वह जब मेरठ से लौट कर आश्रम पहुंचे थे, जब से कुछ परेशान नजर आ रहे थे। ग्रामीणों के पूछने पर उन्होंने बताया कि कोई अपना नहीं है सब रुपये के लिए मतलब रखते हैं।
मामले में जांच की जा रही है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी