पति को थाने में थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा किया हंगामा
अनूपशहर। थाना क्षेत्र के गांव नेता नगर में दंपती के विवाद में पहुंची पुलिस ने पति को थाने में ले जाकर जमकर पीटा। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी बृहस्पतिवार सुबह उसे घर छोड़ गए। यहां से परिजन उसे सीएचसी ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाते हुए जाम लगाने की कोशिश की। इंस्पेक्टर के समझाने और आश्वासन देने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
क्षेत्र के गांव नेतानगर निवासी दंपती के बीच बुधवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद महिला ने फोन से 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पीआरवी की टीम ने पहले उन्हें समझाने की कोशिश की। आरोप है कि बाद में पुलिस युवक को थाने पर ले गई और थर्ड डिग्री दी। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पुलिसकर्मी उसे गंभीर हालत में घर छोड़ कर चले गए। युवक को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग स्थित गांव करनपुर के पास जाम लगाने की कोशिश की। लेकिन, सूचना मिलने पर पहुंचे थाना प्रभारी रामसेन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच करा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।