नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल और अनूपशहर थाना प्रभारी ने बताया कि रूट डायवर्जन का प्लान तैयार कर लिया गया है। अनूपशहर से होकर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब व अलीगढ़ आदि से हजारों वाहन गुजरते हैं। रास्ता छोटा होने और ब्रजघाट के जाम से बचने के लिए लखनऊ, संभल, बदायूं जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से निकलते हैं। ऐसे में बदायूं-संभल की ओर आने वाले वाहनों को गुन्नौर क्षेत्र के गांव केसरपुर तिराहे से मोड़कर गुन्नौर के रास्ते नरौरा से जनपद में प्रवेश दिया जाएगा। जिले से संभल-मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहन भी इसी रास्ते से गुजरेंगे।
बुलंदशहर से अनूपशहर आने वाले वाहनों को शिकारपुर, डिबाई व नरौरा से निकाला जाएगा। जबकि अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को डिबाई व नरौरा की ओर निकाला जाएगा। गंगा पार संभल की ओर से आने वाले वाहनों को वहीं से नरौरा की ओर निकालने की व्यवस्था रहेगी। अनूपशहर में भारी वाहनों पर रोक लगाने के लिए शिकारपुर तिराहे, जहांगीराबाद और भीमपुर दोराहे पर बैरिकेडिंग की गई है।
अनूपशहर में यहां बनाई गई अस्थायी पार्किंग
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पहला अनूपशहर-अलीगढ़ मार्ग पर केशव होटल के आगे खाली खेतों में बनाया गया है। दूसरा पार्किंग स्थल अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर गांधी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के मैदान और गंगा धाम कॉलोनी के पास, तीसरा पार्किंग स्थल झाड़ी वाले बाबा के समीप खाली स्थान पर, चौथा मस्तराम घाट के पास और पांचवां पार्किंग स्थल मलकपुर रोड पर मंडी में खाली जगह पर बनाया जाएगा। मेले में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर बैरिकेडिंग की गई है। इससे भीड़भाड़ वाले रास्तों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में आसानी होगी।
बुलंदशहर-नरौरा मार्ग पर बढ़ेगा वाहनों का भार
रूट डायवर्जन के चलते बुलंदशहर-नरौरा मार्ग पर वाहनों का भार बढ़ जाएगा। अनूपशहर व गढ़ गंगा मेले के चलते रूट डायवर्जन किया गया है। इसलिए दिल्ली, गाजियाबाद से अमरोहा होते हुए बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहन सिकंदराबाद से भूड़ चौराहा से डिबाई, नरौरा, बबराला होते हुए अमरोहा जाएंगे। वहीं, मेरठ, हापुड़ की तरफ से रामपुर, बरेली की ओर जाने वाले वाहन भूड़ चौराहा से नरौरा, बबराला होते हुए भेजे जाएंगे। दूसरी ओर बरेली की ओर से मेरठ-हापुड़ जाने वाले भारी वाहनों को बबराला से वाया नरौरा-डिबाई से भूड़ चौराहा होते हुए भेजा जाएगा।