बुलंदशहर। जिले के 11 पीएम-श्री विद्यालयों में अब छात्र-छात्राओं को शुद्ध आरओ का पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में अलग-अलग पेयजल यूनिट स्थापित की जाएगी। योजना पर कुल पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से बजट जारी कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि जिले में विभाग के 38 विद्यालय पीएम श्री योजना में शामिल हो चुके हैं। इनमें से 11 स्कूलों में आरओ लगाए जाएंगे। बताया कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नलों को चाइल्ड फ्रेंडली बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छोटे बच्चे आसानी से पानी ले सकें।
15 मार्च तक यूनिट स्थापित कार्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। प्रथम किस्त की धनराशि जारी कर दी गई है। वॉटर स्टोरेज टैंक का भी निर्माण होगा। इसके लिए सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक को निर्देश जारी किए गए हैं।