उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले जनपद के सभी लेखपालों ने मंगलवार को तहसील सदर में धरना प्रदर्शन किया। सचिव मनीष कुमार ने कहा कि संघ की प्रदेश कार्यसमिति द्वारा अपनी न्याययोचित मांगों को लेकर प्रमुख सचिव को नोटिस दिया गया था। इसके अलावा 15 जुलाई को राजस्व मंत्री को भी ज्ञापन दिया गया, लेकिन मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसके तहत आंदोलन के प्रथम चरण में 16 अगस्त को सभी लेखपालों ने धरना प्रदर्शन तथा 17 से 22 तक सभी लेखपाल काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। इस मौके पर प्रमोद कुमार सक्सेना, भेदीराम, दिनेश शर्मा, ओमप्रकाश, आशुतोष बंसल, मोहम्मद आबिद आदि रहे।
वहीं, अनूपशहर तहसील में भी मंगलवार को लेखपाल हड़ताल पर रहे और एसडीएम को ज्ञापन दिया। इस दौरान तेजदत्त शर्मा, साबिर अली, रतनवीर सिंह, खुशीराम, अनिल कुमार, चंद्रभान सिंह मौजूद रहे। वहीं, खुर्जा में भी लेखपालों ने मंगलवार को तहसील पर एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष दुष्यंत यादव, मंत्री रविंद्र पाल सिंह, सत्यपाल सिंह, सुरेंद्र कुमार शर्मा, नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
लेखपालों ने किया तहसील दिवस का बहिष्कार
सिकंदराबाद/स्याना । अपनी मांगों को लेकर लेखपालों ने मंगलवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहकर तहसील दिवस का बहिष्कार किया। लेखपालों ने राजस्व मंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीदार को सौंपा। मांगे पूरी नहीं होने पर लेखपालों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
लेखपाल संघ ने एसीपी वेतन विसंगति दूर करने, पदनाम राजस्व उपनिरीक्षक करने, शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, स्थानांतरण नीति में संशोधन करने, वेतन वृद्धि, पांच लेखपालों पर एक राजस्व निरीक्षक, राजस्व परिषद नियमावली में संशोधन करने, शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने और पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर के लेखपाल 17 से 22 अगस्त तक कार्य के दौरान हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट करेंगे।
उन्होंने बताया कि 23 से 29 अगस्त तक जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। फिर भी उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो 30 अगस्त से विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जीतेश शर्मा, यशपाल सिंह, नंद किशोर, सुभाष राठी, सुभाष लोधी, घनश्याम मौजूद रहे।
वहीं, स्याना तहसील के लेखपालों ने भी एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन कर राजस्व मंत्री को प्रेषित एक ज्ञापन तहसीलदार इदरीश अहमद को सौंपा। भाकियू ने भी लेखपाल संघ को अपना समर्थन दिया है। इस दौरान लेखपाल संघ स्याना के अध्यक्ष दिनेश कौशिक, तहसील मंत्री क्षेत्रपाल सिंह, हरेंद्र शर्मा, सचिन गर्ग, मुन्नालाल, सलीम खां मौजूद रहे।