अहमदगढ़ में सड़क हादसे में मृतक महिला का पति विलाप करते हुए। संवाद
अहमदगढ़। मेरठ-बदायूं मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। थाना शिकारपुर के गांव खडवाया निवासी भोला अपनी पत्नी राधा और बच्चे के साथ गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे अपनी ससुराल बेलौन जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अहमदगढ़ थाने के समीप पहुंची, डिबाई की ओर से आ रही बुलंदशहर डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां शोक की लहर दौड़ गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस को कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद