अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, खड़ी क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। संवाद
अहमदगढ़। दिल्ली-बदायूं हाइवे पर बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की हायर मेडिकल सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद आरोपी बस चालक मौके पर ही बस को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया।
थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव नवादा निवासी विनय कुमार बृहस्पतिवार सुबह अपनी पत्नी रजनी देवी (35) के साथ बाइक पर सवार होकर थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव मोरजपुर अपनी ससुराल गए थे। दोपहर करीब तीन बजे पति-पत्नी बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डिबाई से बुलंदशहर की तरफ जा रही ग्रेटर नोएडा डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। वहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही घायल रजनी देवी की मौत हो गई। जबकि, विनय की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है। उसमें सवार यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है।