कस्बा डड्डू गांव स्थित हाईवे पर एक रोडवेज बस ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे अलीगढ़ जनपद के थाना इगलास स्थित गांव कलुआ निवासी संतोष (32) पत्नी जितेंद्र गांव के ही फूल सिंह और एक अन्य महिला के साथ बाइक से गांव जा रही थी।
कस्बा ड्डडू गांव स्थित हाईवे पर तीव्र गति से आ रही रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष बाइक से गिरकर बस के नीचे आ गई।
हादसे में संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फूल सिंह और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
निजी अस्पताल से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजनों ने अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।