बुलंदशहर। जिले में जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की सूरत बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने 7.9 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इस बजट से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों का नवीनीकरण और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इससे लंबे समय से खराब सड़कों पर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सिकंदराबाद, स्याना समेत अन्य क्षेत्रों की सड़कों को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजे थे। अब शासन ने इनमें से कुछ प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए जारी की गई धनराशि से संबंधित मार्गों पर मरम्मत, नवीनीकरण और आवश्यकतानुसार सुधार कार्य कराए जाएंगे। सड़कों की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, गड्ढों के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से इन सड़कों के जर्जर होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब धनराशि जारी होने के बाद अधिकारियों की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अगले छह माह में इन कार्यों को पूरा होने से सड़कों की स्थिति बेहतर होने से यातायात भी सुगम हो सकेगा।
इन सड़कों के लिए दी गई स्वीकृति
96.12 लाख से हामिदपुर-सिकंदराबाद कुचेसर मार्ग से बुटैना संपर्क मार्ग
1.69 करोड़ से दरावर में बाबा की कुटी से चासी संपर्क मार्ग
1.97 करोड़ से गांव गिनौरा नगली से लड़ाना संपर्क मार्ग
1.19 करोड़ से सुनहरा में सड़क नवनिर्माण
कोट
सड़कों के निर्माण के लिए शासन की ओर से धनराशि जारी की गई है। इन कार्यों के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग