पन्नी नगर शुगर मिल के निकट मिट्टी में धंसा ट्रक का पहिया।
- फोटो : BULANDSHAHR
सीवर लाइन धंसने से फंसा ट्रक का पहिया, लगा जाम
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में शुगर मिल रोड पर सड़क पर मिट्टी में ट्रक का पहिया धंसने से जाम लग गया। यातायात पुलिस ने क्रेन से ट्रक हटवाकर यातायात शुरू कराया। जाम के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुलंदशहर-खुर्जा रोड स्थित पन्नी नगर शुगर मिल के सामने मार्ग पर हाल में ही सीवर लाइन डाली गई है। सड़क पर बारिश के चलते कुछ स्थानों पर मिट्टी धंस गई। सोमवार सुबह एक ट्रक सड़क से मिट्टी में उतरते ही उसमें धंस गया। ट्रक का आधा हिस्सा सड़क पर था, जिसके चलते जाम लगने लगा। जाम की सूचना पर यातायात प्रभारी शौर्य कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और क्रेन बुलाकर ट्रक को हटवाते हुए यातायात सुचारू किया। जाम करीब दो घंटे तक रहा। यातायात प्रभारी ने बताया कि सीवर लाइन से बने गड्ढे में ट्रक फंसने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी। क्रेन से ट्रक हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया गया।