14 करोड़ से गड्ढा मुक्त होंगी जिले की 71 सड़कें
बुलंदशहर। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए शासन द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। जिले की 71 सड़कों की हालत सुधारने के लिए शासन द्वारा 14 करोड़ के सापेक्ष 11 करोड़ का बजट भी जारी किया है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करते हुए सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। इन सड़कों के हालात सुधरने से पांच लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा होगा।
बारिश से गड्ढे में तब्दील हुई सड़कों के गड्ढे भरने के लिए शासन द्वारा निर्देश दिए गए थे। इसके लिए 15 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन पिछले दिनों इस अवधि को बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया गया था। अब इसी योजना को आगे बढ़ाने के लिए शासन ने लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों में से 71 सड़कों के गड्ढे भरने और विशेष मरम्मत के निर्देश दिए हैं। हालांकि इस कार्य के लिए 14.65 करोड़ रुपये की आवश्यकता थी, लेकिन फिलहाल शासन द्वारा 11.72 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया है। इसमें खुर्जा खंड की 32.245 किमी लंबी 26 सड़कों के लिए 548.21 लाख के सापेक्ष 438.57, द्वितीय खंड की 26.065 किमी लंबी 21 सड़कों के लिए 416.48 लाख के सापेक्ष 333.18 लाख और प्रांतीय खंड की 26.494 किमी लंबी 24 सड़कों के लिए 500.38 लाख के सापेक्ष 400.31 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। धनराशि जारी करने के बाद उच्चाधिकारियों ने आदेश दिए हैं कि जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया को पूरा करते हुए सड़कों की स्थिति में सुधार किया जाए।
गिरता तापमान बनेगा कार्य करने में बाधा
शासन के आदेश के बाद भले ही अधिकारी टेंडर करने की तैयारी कर रहे हैं लेकिन लगातार तापमान गिरने के कारण इन कार्यों को पूरा करने में परेशानी होगी। इंजीनियरों के मुताबिक तारकोल द्वारा सड़क निर्माण का कार्य किसी भी स्थिति में 16 डिग्री से कम तापमान होने पर नहीं किया जा सकता है। जबकि फिलहाल में भी अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11 डिग्री पर पहुंच रहा है।
मेरठ-बदायूं हाईवे के नहीं भरे गए हैं गड्ढे
शासन के निर्देश पर भले ही अधिकारी गड्ढे भरने का कार्य पूरा करने का दावा कर रहे हैं, लेकिन शिकारपुर बाईपास पर काली नदी के पुल से आगे और स्टेट हाईवे पर गड्ढों के भरने में लापरवाही बरती गई है। अधिकतर गड्ढों को खानापूर्ति करते हुए डस्ट और गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिसके चलते वहां से उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
इन सड़कों को किया जाएगा गड्ढा मुक्त
- बराल औरंगाबाद मार्ग पर रहीमपुर रहगवां से अहमदपुर टांडा संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- पचदेवरा संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- रानापुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- एमबी रोड से खुशहालपुर मार्ग की विशेष मरम्मत
- सिकंदराबाद-गुलावठी मार्ग से खगुआवास-वाया खगुआवास की मढैया संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- मूड़ाखेड़ा संपर्क मार्ग से गवां संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- रामबास संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- पलड़ाझाल से रायपुर मौज्जमपुर मार्ग की विशेष मरम्मत
- रनियावली संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- जटपुरा से रिझौड़ा संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
- पिलखना संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत
शासन द्वारा 71 सड़कों के गड्ढे भरने और विशेष मरम्मत के लिए आदेश जारी करते हुए 11 करोड़ से अधिक की रकम जारी की है। जल्द से जल्द इसके टेंडर जारी कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद गुणवत्ता से कार्य पूरा कराया जाएगा। - डॉ. प्रशांत कुमार, एडीएम प्रशासन