रोड रोलर और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
जहांगीराबाद। क्षेत्र के गांव गहना गोवर्धनपुर स्थित कोतवाली के सामने एक बाइक सवार युवक की रोड रोलर से टक्कर हो गई, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। आरोपी रोड रोलर चालक मौके पर अपने रोड रोलर को छोड़कर फरार हो गया। वहीं, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने रोड रोलर को कब्जे में ले लिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव शिव नंगला निवासी सतवीर पुत्र वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा 27 वर्षीय पुत्र दीपचंद गुरुवार को अपनी बाइक से किसी कार्य से बुलंदशहर गया था। वापस लौटते वक्त करीब 2 बजे गांव गहना गोवर्धनपुर स्थित कोतवाली के सामने रोड रोलर से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दीपचंद बुरी तरह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, भिड़ंत के बाद आरोपी रोड रोलर चालक अपने वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस बाबत कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने रोडरोलर को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक युवक के पिता सतवीर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात रोड रोलर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।