आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, दो युवकों की मौत
शिकारपुर। सलेमपुर थाना क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर सलेमपुर की मढै़या के निकट मंगलवार शाम को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि, तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। साथ ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।
मंगलवार शाम सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव मौरौनी निवासी दिनेश (35) पुत्र होराम जाटव, राजीव पुत्र इंद्रजीत और सलेमपुर की मढै़या निवासी सुखवीर पुत्र अजमत बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे। जबकि दूसरी तरफ से बाइक पर सोनू वाल्मीकि (30) पुत्र राकेश निवासी जेवर जनपद गौतमबुद्ध नगर और सुनील पुत्र राजपाल निवासी मथुरा आ रहे थे। गांव सलेमपुर मढै़या के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइकों पर सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। मौके पर ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने दिनेश और सोनू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, अन्य सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वहीं, पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। साथ ही परिजनों को भी सूचना दी। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दोनों बाइक सवारों ने नहीं पहन रखा था हेलमेट
एक तरफ पुलिस जनपद में यातायात सुरक्षा माह अभियान चला रही है। जिसके तहत लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने का आह्वान किया जा रहा है। लेकिन, इसके बावजूद वाहन चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। सलेमपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मृतक बाइक चालकों ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था। यदि दोनों ने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
रोडवेज में संविदा पर एक साल पहले चालक बना था दिनेश
बताया गया कि मृतक दिनेश करीब एक वर्ष पूर्व ही सिकंदराबाद डिपो में संविदा पर चालक के पद पर तैनात हुआ था। दिनेश के परिवार में उनकी मां राजेंद्री, पत्नी राजरानी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों को अब बड़ी पुत्री 12 वर्षीय भूमि, नौ वर्षीय पुत्र अवनीश, पांच वर्षीय पुत्री गुंजन और दो अन्य छोटे बच्चों के परवरिश की चिंता सता रही है।
दो बाइकों की आमने- सामने हुई भिड़ंत में दो युवकों की मौत हुई है। जबकि, तीन युवक घायल हैं। शव पोस्टमार्टम को भेज दिए गए हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।
- प्रताप सिंह बालियान, थाना प्रभारी सलेमपुर