कैंटर और कार की टक्कर में युवती समेत दो की मौत
डिबाई। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर स्थित भीमपुर चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात कैंटर और कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजे। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
नगर के मोहल्ला महादेव निवासी 22 वर्षीय उमेश शर्मा पुत्र कल्यान प्रसाद शर्मा टैक्सी चालक था। जिससे वह अपना व परिवार का भरण पोषण करता था। बताया गया कि बृहस्पतिवार को वह क्षेत्र के गांव रहमापुर निवासी 24 वर्षीय युवती शालू पुत्री फागुनी सिंह, गांव गालिबपुर निवासी 30 वर्षीय विवेक पुत्र नैम सिंह और 25 वर्षीय योगेश को कार से अलीगढ़ लेकर जा रहा था। बताया गया कि देर रात जब वह थाना क्षेत्र में बदायूं-दिल्ली हाईवे स्थित भीमपुर चौराहे के निकट पहुंचा तो अनूपशहर से अलीगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित दूध के कैंटर ने उसकी कार में टक्कर मार दी। हादसा होते ही कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान चौराहे पर मौजूद पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। हादसे में कार चालक उमेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया गया कि उमेश दो बहन व पांच भाईयों में सबसे छोटा था। पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती शालू ने भी दम तोड़ दिया। सीएचसी से गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर किए गए विवेक व योगेश की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
40 मिनट देरी से पहुंची एंबुलेंस
हादसा होने के बाद मौके से स्थानीय लोगों व राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस पर सूचना दी थी। लेकिन इसके बावजूद एंबुलेंस करीब 40 मिनट की देरी से वहां पहुंची। जिसके बाद लोगों में आक्रोश नजर आया।
आरोपी कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के परिजनों को सौंप दिए गए हैं। - रुस्तम सिंह, दौलतपुर चौकी प्रभारी