आरओ-एआरओ परीक्षा के लिए केंद्र बने रैनेसा स्कूल का निरीक्षण करती डीएम व एसएसपी। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। जिले के 23 केंद्रों पर रविवार को समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा होगी। इसके लिए सभी केंद्रों पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। 10,248 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे और कलक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम से निगाह रखी जाएगी। शनिवार को डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
डीएम श्रुति व एसएसपी दिनेश सिंह ने रेनेसा स्कूल, डीपीएस स्कूल में निरीक्षण करते हुए जायजा लिया। परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और प्रश्न पत्रों को रखने के लिए बनाए गए कक्ष का निरीक्षण किया। निर्देश दिया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
प्रश्न पत्रों को संबंधित व्यक्तियों की उपस्थिति में ही खोला जाए। परीक्षा सकुशल कराने के लिए सात जोनल मजिस्ट्रेट, 23 स्टेटिक मजिस्ट्रेट व 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही चार अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और नौ अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को भी निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर एएसपी ऋजुल, जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार, आयोग के प्रतिनिधि समेत केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। सुबह 8:45 पर सभी परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र व पेन के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा।