सलेमपुर गांव में करंट की चपेट में आने से रिटायर्ड सूबेदार की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। एक ग्रामीण को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सलेमपुर गांव में रविवार दोपहर एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। आपूर्ति चालू होने के कारण घरों में लगे विद्युत उपकरणों में धमाके होने लगे। लोगों ने जैसे ही स्विच ऑफ करना चाहा करंट की चपेट में आकर चार लोग बुरी तरह झुलस गए।
गंभीर रूप से झुलसे रिटायर्ड सूबेदार जगपाल (75) पुत्र लीला तथा पंकज पुत्र नगेंद्र को बुलंदशहर ले जाया गया, जहां जगपाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राजपाल, सूरज व बच्चू सिंह की बेटी को गांव के ही निजी चिकित्सक से इलाज चल रहा है। उधर, घरों में हाईटेंशन करंट दौड़ने से हजारों रुपये के विद्युत उपकरण फूंक गए।