बुलंदशहर। कलक्ट्रेट गेट पर बृहस्पतिवार शाम शव रखकर सड़क जाम और प्रदर्शन करने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। नगर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल रूपेंद्र कुमार की तहरीर पर 24 नामजद सहित कुल 25 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
कादिलपुर के ग्रामीण गत बृहस्पतिवार को 35 वर्षीय सोहनवीर का शव लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे थे। ग्रामीणों और परिजनों ने मुख्य द्वार पर शव रखकर जाम लगाया और जमीन के बैनामे को निरस्त कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सोहनवीर की तबीयत कई दिनों से खराब थी और उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी गांव नगलाबंशी के एक व्यक्ति ने 1 दिसंबर को जिला अस्पताल पहुंचकर सोहनवीर को सिकंदराबाद तहसील ले जाकर सवा बीघा जमीन का बैनामा करा लिया। बैनामा कराने के बाद उसे वापस जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बृहस्पतिवार सुबह उपचार के दौरान सोहनवीर की मौत हो गई।
गांव में शव यात्रा के दौरान सोहनवीर के सात वर्षीय बेटे ने ग्रामीणों को बताया कि उसके पिता से जमीन का बैनामा कराया गया था। यह सुनते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
सोहनवीर के दो छोटे बच्चे हैं और परिवार इस बैनामे को शोषण बता रहा है। ग्रामीण पहले शव लेकर चोला थाना पहुंचे और बैनामा कराने वाले व्यक्ति से जमीन वापस कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो परिजन शव लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां मुख्य द्वार के सामने जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया था। पुलिस ने कानून व्यवस्था भंग करने और सड़क जाम करने के मामले में इन 25 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।