बुलंदशहर/खुर्जा जंक्शन। बुलंदशहर से जम्मू जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि में विस्तार किया है। 27 अगस्त तक सूबेदारगंज से शहीद कैप्टन तुषार महाजन के बीच प्रत्येक सप्ताह एक-एक दिन ट्रेन का अप-डाउन होगा।
बुलंदशहर रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज से उधमपुर के लिए प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को और उधमपुर से प्रयागराज के लिए सोमवार व बृहस्पतिवार को ठहराव हैं। यात्रियों को राहत देने के लिए मार्च में स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन में एक माह का विस्तार किया है। इस ट्रेन का जुलाई माह तक के लिए रेलवे ने संचालन किया था। अब यात्रियों की परेशानी देख रेलवे ने स्पेशल ट्रेन के संचालन को एक माह के लिए बढ़ा दिया है।
उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर पीआरओ डॉ. अमित मालवी ने बताया कि सूबेदारगंज से खुर्जा व बुलंदशहर होते हुए जम्मू के लिए प्रत्येक सोमवार को 04141 सुपरफास्ट एक्सप्रेस (स्पेशल) ट्रेन का संचालन 26 अगस्त तक बढ़ा दिया है। वहां से वापसी में प्रत्येक बुधवार की सुबह बुलंदशहर व खुर्जा होते हुए सूबेदारगंज तक 04142 ट्रेन का संचालन 27 अगस्त तक जारी रहेगा।