जहांगीरपुर कस्बा में गला रेत के आत्महत्या की घटना के बाद विलाप करते परिजन
जहांगीरपुर। मजदूर को परिजनों ने शराब पीने से मना किया तो उसने खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घटना झाझर रोड पर स्थित नगर पंचायत कार्यालय के पास की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जहांगीरपुर कस्बा निवासी संजय मीणा ने बताया कि उसका चचेरा भाई जीतू (35) गांव में खेती व मजदूरी करता था। 15 साल पहले उसकी शादी हुई थी। दो बेटी व दो बेटे हैं। पिछले तीन-चार साल से जीतू को शराब की लत लग गई थी। इसे लेकर आए दिन घर में विवाद होता रहता था। कई बार शराब के नशे में वह मारपीट भी करता रहता था। बृहस्पतिवार को भी शराब पीने को लेकर जीतू का परिवार से विवाद हो गया था।पड़ोस के लोगों ने बताया कि शराब को लेकर उसका परिवार से झगड़ा हो रहा था। कई बार लोगों ने शांत कराया लेकिन विवाद होता रहा। कुछ देर बाद अंदर से महिला की चीख की आवाज आई। शोर सुनकर लोग पहुंचे तो आंगन में जीतू मृत पड़ा था। उसके खून बह रहा था। परिजनों ने बताया कि और शराब पीने से जीतू को मना किया तो उसने आवेश में आकर रसोई से चाकू लिया और अपना गला रेत लिया। जहांगीरपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम पर भेजा जा रहा है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।