बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए सोमवार से पंजीकरण शुरू हो गए। छात्र-छात्राएं मंगलवार तक पंजीकरण करवा सकेंगे। इसके साथ ही ऑफर लेटर डाउनलोड कर कॉलेज में जमा करें। उसके बाद कॉलेज प्रवेश करेंगे।
आईपी कॉलेज प्रथम परिसर के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक की कक्षाओं में रिक्त चल रही सीटों पर प्रवेश कराने के लिए सीसीएसयू ने एक और मौका दिया है। इसके तहत छात्र-छात्राओं को मंगलवार पंजीकरण करने के लिए समय दिया गया है। पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राएं अपना ऑफर लेटर डाउनलोड कर 27 सितंबर तक रिक्त सीटों वाले कॉलेज में जमा करेंगे। उसके बाद 29 और 30 सितंबर को दाखिले होंगे। वहीं, दूसरी ओर छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण के साथ उन कॉलेजों से भी संपर्क तेज कर दिया है, जहां पर रिक्त सीट हैं। छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वह पंजीकरण कराकर और अपना ऑफर लेटर डाउनलोड कराकर समय पर उसे कॉलेज में जमा करा दें, ताकि वह प्रवेश से वंचित न रह जाए। इसके बाद प्रवेश के लिए दूसरा मौका नहीं मिलने वाला है।
ऑफर लेटर जमा किए, आज से होंगे प्रवेश
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में परास्नातक की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए सोमवार को छात्र-छात्राओं ने अपने ऑफर लेटर जमा किए। अब कॉलेज ओपन मेरिट जारी कर मंगलवार से प्रवेश शुरू कर देंगे। परास्नातक में प्रवेश के लिए सीसीएसयू की ओर से दो मेरिट जारी की गई। इसके बाद भी करीब 30 फीसदी सीट रिक्त रह गई। इन सीटों पर अब कॉलेज ओपन मेरिट जारी कर प्रवेश करेंगे। इसके लिए सोमवार तक छात्र-छात्राओं को कॉलेज में ऑफर लेटर जमा कराने का मौका दिया गया। वहीं, कॉलेज ओपन मेरिट जारी कर मंगलवार मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं के प्रवेश शुरू करेंगे। प्रवेश 29 सितंबर तक किए जाएंगे।