बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के कॉलेजों में परास्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। अब रिक्त सीटों पर बृहस्पतिवार से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए कैफे पहुंचकर या फिर खुद पंजीकरण किए।
सीसीएसयू की ओर से परास्नातक की एमए, एमकॉम और एमएससी समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए सीसीएसयू की ओर से दो मेरिट जारी की गई। इन दोनों मेरिट के माध्यम से जिले के कॉलेजों में करीब छह हजार सीटों पर पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश कराने का मौका दिया गया। दूसरी मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को 19 सितंबर तक प्रवेश कराने के लिए समय दिया गया था। बावजूद इसके अब भी जिले के कॉलेजों में करीब 30 फीसदी सीटें रिक्त हैं। अब इन सीटों पर प्रवेश कराने के लिए सीसीएसयू की ओर से कॉलेजों को ओपन मेरिट बनाकर प्रवेश करने के निर्देश दिए हैं।
इसके लिए छात्र-छात्राओं को 24 सितंबर तक सीसीएसयू की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने के लिए समय दिया गया है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को अपना ऑफर लेटर डाउनलोड करना होगा। उसके बाद ऑफर लेटर को संबंधित कॉलेज में जमा कराना होगा। उसके बाद कॉलेज ओपन मेरिट बनाकर 26 सितंबर से रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर देंगे। प्रवेश 29 सितंबर तक किए जाएंगे। डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि सीसीएसयू की ओर से जारी निर्देश के अनुसार ही परास्नातक की कक्षाओं में चल रही रिक्त सीटों पर प्रवेश संपन्न कराए जाएंगे।