स्टोर में निवास कर रहा कर्मचारी, शौचालय में रखा गया कोविड का रिकार्ड
बुलंदशहर। सीएमओ कार्यालय में वर्षों से संचालित शौचालय को बीते दिनों स्टोर में तब्दील कर दिया। जिसमें कोविड-19 का पुराना रिकॉर्ड रखकर ताला लटका दिया गया है। जबकि शौचालय में समय-समय पर सीलन की समस्या बनी रहती है। इससे रिकार्ड के खराब होने की भी संभावना है। वहीं स्टोर में विभाग का एक कर्मी परिवार के साथ रह रहा है।
सीएमओ कार्यालय में विभिन्न विभागों के कार्यालय के साथ स्टोर बने हुए हैं। प्रत्येक मंजिल पर अफसरों और कर्मियों के लिए अलग-अलग शौचालय बने हुए हैं। दूसरी मंजिल पर बने पुरुष शौचालय पर पिछले काफी समय से ताला लटका हुआ है। इस शौचालय में बीते दो साल के कोविड-19 से संबंधित जांच और अन्य दस्तावेज रखे हुए हैं। शौचालय बंद होने के कारण अफसरों और कर्मियों को काफी परेशानी होती है।
खराब हो सकता है रिकार्ड
जिस शौचालय के अंदर कोविड-19 का डाटा रखा गया है उसमें समय-समय पर सीलन की समस्या बनी रहती है। चार माह पूर्व भी सीलन की समस्या को दूर करने के लिए कार्य करवाया गया था। लेकिन शौचालय में अब भी सीलन बाहर से नजर आ जाती है। सीलन अगर रिकॉर्ड तक पहुंच गई तो काफी रिकॉर्ड खराब भी हो सकता है।
स्टोर की जगह रहता है एक परिवार
सीएमओ कार्यालय परिसर में नीचे स्टोर के लिए जगह छोड़ी गई है। जहां कमरा बनाकर खाली छोड़ दिया गया। पूर्व में कमरा खाली होने पर विभाग के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने रहना शुरू कर दिया और वर्तमान में परिवार संग रह रहा है।
जांच रिपोर्ट का रखा है सिर्फ डाटा
स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार स्टोर बने शौचालय में एंटीजन किट से जांच कराने वाले, आरटीपीसीआर लैब से जांच कराने वालों की रिपोर्ट के साथ कंटेनमेंट जोन और अन्य सामग्री को रखा है। जिसे एक टेबिल और एक अलमारी के अंदर रखा है।
दो शौचालय बने थे। इसमें एक को बंद कर उसे स्टोर में तब्दील कर दिया गया है। सभी डाटा सुरक्षित रखा गया है। जिसे समय-समय पर चेक भी किया जा रहा है। - डॉ. गौरव सक्सेना, कोविड-19 नोडल अधिकारी
शौचालय में पिछले दिनों कुछ कार्य कराया गया था। इसके बाद की जानकारी नहीं है। कोविड-19 का डाटा रखने की जानकारी नहीं है। - डॉ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ