विजयदशमी पर हवालात में कटी रावण की रात
जहांगीराबाद। विजयदशमी की रात रावण बने कलाकार के लिए भारी पड़ी। मंडली में शामिल एक किन्नर से रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने उसे जहांगीराबाद थाने की हवालात में पहुंचा दिया। अगले दिन पहुंचे परिवार के लोगों ने किन्नर से विवाद निपटाकर उसे हवालात से बाहर निकलवाया।
विजयदशमी के अवसर पर बुधवार को रावण दहन की लीला संपन्न होने के बाद शाम तक कलाकार अपने ठहरने के स्थान पर वापस आ गए थे। वहां रावण बने कलाकार और मंडली में शामिल एक किन्नर के बीच रुपयों के लेन देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि किन्नर ने पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस किन्नर और रावण बने कलाकर को अपने साथ थाने ले आई। थाने पहुंचने पर किन्नर ने सारा मामला बताते हुए रावण बने कलाकार के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी, इसके बाद पुलिस ने रावण को हवालात में बंद कर दिया। अगले दिन रावण बने कलाकर के परिजन जहांगीराबाद पहुंचे और किन्नर से रुपयों का विवाद निबटाया। तब जाकर पुलिस ने हवालात में बंद कलाकार को छोड़ा।
रामलीला मंडली के दो कलाकारों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें एक कलाकार को हिरासत में लिया गया था। दोनों पक्षों में आपस में समझौता होने के बाद हिरासत में लिए गए कलाकार को छोड़ दिया गया है। - बजरंग बली चौरसिया, एसपी देहात