अब तीन माह तक सामान्य राशन वितरण भी मुफ्त
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत नवंबर माह तक बंटने वाले मुफ्त राशन के साथ अब जून, जुलाई और अगस्त माह में होने वाले रूटीन राशन वितरण को भी मुफ्त कर दिया गया है। अभी तक माह में एक बार मुफ्त और दूसरी बार दो रुपये किलो गेेहूं और तीन रुपये किलो चावल की दर से राशन दिया जा रहा था। इस व्यवस्था से जिले के करीब छह लाख कार्ड धारकों को सीधा लाभ पहुंचेगा। वहीं, सरकार कोटेदार के खातों में धनराशि भेजेेगी।
कोविड-19 को लेकर प्रत्येक माह राशन कार्ड धारकों को माह में दो बार राशन के रूप में चावल और गेहूं मिल रहा है। एक बार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त और दूसरी बार सामान्य वितरण के तहत दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो की दर से चावल का वितरण किया जा रहा है। अब सरकार के निर्देश पर जून, जुलाई और अगस्त में प्रधानमंत्री कल्याण योजना के साथ ही सामान्य राशन वितरण का भी राशन मुफ्त मिलेगा। जिला आपूर्ति विभाग को मिले निर्देश के बाद विभाग ने कोटेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अब अगस्त माह तक जिले के करीब छह लाख राशन कार्ड धारकों को माह में दो बार मुफ्त में गेहूं और चावल का लाभ मिलेगा। आपूर्ति विभाग की ओर से इसकी पुष्टि की गई है। जून माह का सामान्य वितरण 20 से 30 जून तक होगा। जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत मुफ्त राशन का वितरण 14 जून को ही पूरा हो चुका है।
18 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी चीनी
अन्त्योदय राशन कार्ड धारक परिवारोें के लिए एक अच्छी खबर है। अब शासन ने उन्हें 18 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी भी देने का निर्णय लिया है। जनपद में इसका लाभ अन्त्योदय राशन कार्ड धारक 26,402 परिवारों को मिलेगा। चीनी इसी माह 20 तारीख से राशन वितरण के साथ दी जाएगी। विभागीय अफसरों ने साफ किया तीन किलो चीनी का वितरण अन्त्योदय राशन कार्ड धारक परिवारों को ही होगा।
निर्धारित मूल्य पर मिलने वाला राशन भी अब मुफ्त कर दिया गया है। जून, जुलाई और अगस्त माह में सामान्य राशन वितरण भी निशुल्क होगा। जबकि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत नवंबर तक राशन का वितरण होता रहेगा। कोटेदारों को सरकार की ओर से धनराशि दी जाएगी। अन्त्योदय राशन कार्ड धारकों को अब चीनी भी मिलेगी। - अभय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।