पुलिस ने पीड़ित पक्ष से कहा दुष्कर्म के आरोपी को खुद पकड़कर लाओ
बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को दबिश देकर पकड़ने के बजाए खानपुर पुलिस ने पीड़ित पक्ष से ही उसे पकड़कर लाने के लिए कह दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर एसएसपी ने फटकार लगाई तो आनन-फानन में आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसका चालान किया।
पीड़ित ने एसएसपी से मुलाकात कर बताया कि 31 जनवरी की दोपहर उसकी 14 वर्षीय पुत्री के साथ गांव के ही 42 वर्षीय व्यक्ति धर्मेंद्र उर्फ गुप्ता ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। उसकी तहरीर पर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही थी। विवेचक ने उन पर ही आरोपी को पकड़कर थाने लाने का दबाव बनाया। विवेचक का कहना है कि जब वह आरोपी को पकड़कर ले आएंगे, तब उसे जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस की शह पर आरोपी पक्ष उन पर समझौते का दबाव बना रहा है। पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर बताया कि उनकी जानमाल को खतरा बना हुआ है। शिकायत के बाद एसएसपी श्लोक कुमार ने थाना पुलिस को फटकार लगाई। इसके बाद थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।