दुष्कर्म में मुख्य आरक्षी समेत एक महिला गिरफ्तार, भेजे गए जेल
ककोड़। विवाहिता के साथ पुलिसकर्मी द्वारा ससुरालीजनों के सहयोग से दुष्कर्म किए जाने के मामले में देर रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। साथ ही आरोपी मुख्य आरक्षी व पीड़िता की सास को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जबकि, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
जनपद गाजियाबाद निवासी विवाहिता ने शनिवार शाम को ककोड़ थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी ससुराल ककोड़ थाना क्षेत्र में है। मोहल्ले में एक घर में वह किराए के मकान में अन्य ससुरालीजनों के साथ रहती है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे उसका पति तालिब, सौतन, सास राबिया, पति का बहनोई नाजिम उसके खिलाफ कोई योजना बनाते हुए चोरी से आपस में कुछ बात कर रहे थे। आरोप है कि कुछ समय बाद दो पुलिसकर्मी घर में आ गए। जिनके आने के बाद सभी लोगों ने पीड़िता को मकान की छत पर भेज दिया। छत पर जाकर वह सो गई। कुछ समय बाद सभी आरोपी दोनों पुलिसकर्मियों के साथ छत पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे नीचे लेकर आ गए। जहां एक पुलिसकर्मी ने उसके पति, सौतन के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करते हुए धमकी दी कि तेरे परिवार के लोगों को झूठे केस में फंसवा देंगे। पीड़िता का आरोप था कि इसके बाद आरोपी पति, सौतन ने उसे आरोपी मुख्य आरक्षी के हवाले कर दिया और कमरा बाहर से बंद कर दिया। जहां आरोपी पुलिसकर्मी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी होते ही शनिवार शाम एसपी सिटी और सीओ सिकंदराबाद ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। अफसरों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आंशिक रूप से मुख्य आरक्षी यशवंत सिंह राठौर की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। मुख्य आरक्षी यशवंत सिंह राठौर, पीड़िता के पति तालिब, सौतन, सास राबिया, पति का बहनोई नाजिम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करा दिया गया है। रविवार को आरोपी मुख्य आरक्षी यशवंत व पीड़िता की सास राबिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जबकि, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मामले में प्रारंभिक जांच में आंशिक रूप से मुख्य आरक्षी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। हालांकि, मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। मुख्य आरक्षी व एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि, अन्य आरोपियेां की तलाश की जा रही है। हालांकि, जांच में जल्द ही सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। -सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी