घेर में टॉर्च दिखाने के बहाने बुलाकर किशोरी से दुष्कर्म
नरौरा/रामघाट। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात युवक ने किशोरी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
रामघाट क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार देर शाम उसके परिवार की एक महिला अपने भाई के साथ उसकी 14 वर्षीय पुत्री को घेर में टार्च दिखाने के बहाने से बुला कर ले गई। यहां महिला ने अपने भाई की मदद से किशोरी को एक कमरे में बंद कर दिया और गांव के एक अन्य युवक ने किशोरी से दुष्कर्म किया। देर रात बदहवास हालत में किशोरी घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। मामले में मंगलवार को पीड़ित किशोरी के पिता ने तीनों को नामजद करते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला, उसके भाई और दुष्कर्म करने वाले आरोपी के खिलाफ धारा 376 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। एसओ रामघाट बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण को भेजा गया है। आरोपी अपने घरों से फरार हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को दबोच कर कार्रवाई करेगी।