नुमाइश ग्राउंड में चल रही रामलीला में कलाकारों ने कैकेई-दशरथ सवंाद और राम वन गमन लीला का मंचन किया। श्री रामलीला सभा के अध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि इसके साथ ही कलाकारों ने रामायण से जुड़े कई लीलाओं का मंचन कर दर्शकों का मन मोहा। इस दौरान सभा के सदस्य अमित मित्तल, राकेश गोयल, प्रदीप अग्रवाल, सुखदेव मौजूद रहे।
वहीं, खुर्जा में श्री रामलीला महोत्सव में हनुमान द्वारा लंका दहन तक की लीला का मंचन देख दर्शक भाव विभोर हो उठे। वहीं शुक्रवार को काली यात्रा निकालने को लेकर कमेटी की ओर से बैठक की गई। छोटी होली स्थित श्री गंगा मंदिर से मां काली की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सिकंदराबाद में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में चल रही रामलीला में बुधवार को भगवान राम की बारात धूमधाम से निकाली गई। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा। राम बारात चेंबर की धर्मशाला से आरंभ हुई और नगर के चौधरीवाड़ा, वेदवाड़ा बाजार, बड़ा बाजार, हनुमान चौक होते हुए कबाड़ी बाजार से गुजरी। सपा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर राकेश यादव मौजूद रहे।
बाली का हुआ वध, सुग्रीव को मिला राज्यः
डिबाई/ औरंगाबाद/ गुलावठी/शिकारपुर/बुगरासी/जहांगीराबाद (ब्यूरो)। रामलीला में 10वें दिन बाली वध और सुग्रीव के राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया गया। इस दौरान श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष डॉ. एससी सिंह, राहुल गर्ग, हरिओम दूबे, महेश गुप्ता, यश माहेश्वरी मौजूद रहे।
औरंगाबाद में प्राचीन नागेश्वर शिव मंदिर के मैदान में श्रीरामलीला अभिनय मंडल के तत्वावधान में चल रही रामलीला का शुभारंभ प्रमोद कुमार शर्मा ने किया। खर-दूषण वध और सीता हरण तक की लीला का मंचन हुआ। वहीं, दूसरी ओर गांव पर्वाना में चल रही रामलीला में भी कालाकारों ने सीता हरण का मंचन किया।
गुलावठी में रामलीला में राम वन गमन लीला का मंचन हुआ। विधायक बिमला सोलंकी, रमेश चंद जैन, अनिल सिंहल, नरेश चंद गुप्ता, अशोक कंसल मौजूद रहे। शिकारपुर में आयोजित रामलीला में बुधवार को माता अनुसुइया के उपदेश की लीला का मंचन किया गया।
बुगरासी में कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से वरदान में भगवान राम को वनवास मांगे जाने की लीला ने दर्शकों की आखों में आंसू ला दिए। जहांगीराबाद के टाउन स्कूल मैदान मे चल रही रामलीला में बाली वध लीला का मंचन किया गया। राजकुमार अग्रवाल, रामहरि गोयल, अशोक गिरी, वीरेंद्र वार्ष्णेय आदि रहे।