बंदियों को बहन नहीं बांध सकेगी राखी, गेट पर ही होगी जमा
बुलंदशहर। कोरोना महामारी के चलते जेल में बंदी और कैदियों को उनकी बहनें राखी नहीं बांध सकेगी। जेल प्रशासन ने यह सुविधा की है कि बहनें जेल गेट पर एक लिफाफे में राखी को रखकर जमा करा सकेगी। बाद में लिफाफे को सैनिटाइज करने के बाद संबंधित बंदी और कैदियों को दे दिया जाएगा। जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि बंदी और कैदियों को राखी बांधने वाली बहने एक बंद लिफाफे में राखी को रखे। लिफाफे के ऊपर बंदी का नाम, पिता का नाम, मूल निवासी कहां का, बैरक नंबर आदि लिखना होगा। साथ ही लिफाफा जमाकर्ता का फोटोयुक्त आइडी की भी फोटो कॉपी साथ में लगाए। इसके बाद लिफाफे को 31 जुलाई तक जेल गेट पर हेड जेल वार्डर धर्मवीर सिंह को सौंप देंगे। धर्मवीर सिंह जेल गेट पर ही रहेंगे और राखी जमा करेंगे। इसके बाद लिफाफे को सैनिटाइज करके बंदी व कैदियों को दे दिए जाएंगे। मिठाई और अन्य सामान पर प्रतिबंध रहेगा।