अलर्ट: आज और कल झमाझम बारिश होगी बारिश
बुलंदशहर। जिले में पिछले चार दिन से रुक-रुक कर बारिश जारी है। वहीं दूसरी ओर रविवार और सोमवार को झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तेज गड़गड़ाहट के साथ जबरदस्त बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
जिले में लगातार बारिश के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता 100 फीसदी और हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पूरा दिन बादल छाए रहे और जगह-जगह कहीं कम तो कहीं अधिक बारिश हुई। बारिश होने से जहां आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर से किसानों को अपनी खासकर धान की फसल को लेकर चिंता सता रही है। किसानों का कहना है कि यदि और बारिश होती है तो धान की फसल को और नुकसान होगा। कट चुकी फसल पहले ही पानी में डूबने से काफी हद तक खराब हो चुकी है। दलहन और सब्जी की फसलों को भी नुकसान हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. रामानंद पटेल ने बताया कि अभी बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। रविवार और सोमवार को भी झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यदि और बारिश होती है तो इससे फसलों को अधिक नुकसान होगा। रविवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।