19 जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार
बुलंदशहर। लगातार बेहाल कर रही उमस और गर्मी के बीच मौसम में जल्द ही बदलाव की संभावना जताई जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 18 और 19 जुलाई तक क्षेत्र में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश होगी। बारिश के बाद ही धूप और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
बीते दिनों जनपद में मानसून की तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई थी। इससे मौसम सुहावना हो गया था। इसके बाद लगातार बादल छाने और बारिश नहीं होने से उमस बढ़ती जा रही है। पिछले तीन-चार दिन से आलम यह है कि उमस व गर्मी के बीच दिन हो या रात कहीं भी चैन नहीं मिल रहा है। अब मौसम वैज्ञानिक 18 और 19 जुलाई तक एक बार फिर तेज आंधी और बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश के आसार जता रहे हैं। बुधवार को भी सुबह से ही उमस और भीषण गर्मी के कारण लोग बेहाल रहे। दूसरी ओर किसान और आमजन भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामानंद पटेल का कहना है कि आगामी 18 और 19 जुलाई तक तेज आंधी और बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना बन रही है। उमस और गर्मी से बारिश के बाद ही राहत मिलेगी।