केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा के आश्वासन के बाद फ्रेट कॉरीडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर 17 अक्तूबर को प्रस्तावित रेलवे चक्का जाम आंदोलन स्थगित कर दिया गया। किसानों ने कहा कि मैना मौजपुर में उनका धरना जारी रहेगा।
मैना मौजपुर गांव में 40वें दिन से धरने पर बैठे किसानों ने 17 अक्तूबर को रेल रोकने की चेतावनी दी थी। इसे लेकर शनिवार को एक प्रतिनिधि मंडल केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ महेश शर्मा से मिलने गया था। भाजपा किसान नेता विजेन्द्र प्रताप सोलंकी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने रेल मंत्री से वार्ता कर आश्वासन दिया है कि जल्द ही मुआवजे के संबंध में विचार किया जाएगा।
सुग्रीव सोलंकी और अजय चौधरी ने कहा कि किसानों का धरना जारी रहेगा। उधर धरना स्थल पर पहुंचे एडीएम अरविंद कुमार मिश्र को किसानों ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। धरने पर उदयवीर सिंह, नवल सिंह, इंद्रमणि शर्मा, जगपाल सिंह खटीक रहे।