स्टाफ नर्स और सफाईकर्मी के बीच हुई नोकझोंक के बाद सफाईकर्मी के तबादले से गुस्साए कर्मियों ने सीएमओ का घेराव किया। कर्मियों के विरोध के बाद सीएमओ ने स्टाफ नर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
जिला अस्पताल में तैनात सफाईकर्मी निरंजन कुछ दिनों पहले एक मरीज को भर्ती कराने वार्ड में गया। वार्ड में मौजूद स्टाफ नर्स नेहा के साथ उसकी नोकझोंक हो गई। नेहा ने इसकी शिकायत सीएमओ से कर दी। नेहा की शिकायत पर सीएमओ ने सफाईकर्मी निरंजन को टीबी विभाग से अटैच कर दिया।
मंगलवार सुबह जब सफाईकर्मी पर कार्रवाई की बात अन्य सफाईकर्मियों को पता चली तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। सफाईकर्मी नारेबाजी करते हुए सीएमओ दफ्तर गए। कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। कर्मियों ने सीएमओ को बताया कि स्टाफ नर्स ने सफाईकर्मी से अभद्रता की थी।
सफाईकर्मी का कोई दोष नहीं था। इसके बाद सीएमओ ने स्टाफ नर्स नेहा का भी तबादला जिला अस्पताल से महिला अस्पताल में कर दिया। सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि स्टाफ नर्स और कर्मचारी के बीच हुए विवाद में स्टाफ नर्स की भी गलती थी। कर्मियों की मांग पर स्टाफ नर्स का भी तबादला कर दिया गया है।