बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के अनूपशहर रोड पर सोमवार दोपहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को गांव हजरतपुर के निकट सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस की जांच में मृतक की पहचान नगर के मोहल्ला रुकनसराय निवासी शाहरुख के रूप में हुई। शाहरुख धमैड़ा अड्डा क्षेत्र में अवैध रूप से क्लीनिक चलाते थे। पुलिस रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अनूपशहर रोड से गुजर रहे राहगीरों ने गांव हजरतपुर के पास युवक का लहूलुहान शव देखा। शव के पास ही एक स्पलेंडर बाइक भी गिरी हुई थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस और चौकी प्रभारी नई मंडी मौके पर पहुंचे। मृतक के सिर और पेट पर गनशॉट के गहरे निशान थे, जिससे साफ था कि बेहद करीब से उसे गोली मारी गई थी। पुलिस ने तत्काल शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
मौके पर मिली बाइक के नंबर को ट्रेस किया गया तो वह नगर के मोहल्ला रुकनसराय निवासी एक अन्य युवक के नाम पर पंजीकृत मिली। जब पुलिस ने बाइक मालिक से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसकी बाइक मोहल्ला निवासी शाहरुख रविवार सुबह किसी काम से मांगकर ले गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद पुलिस ने शाहरुख के परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान शाहरुख (25) निवासी रुकनसराय के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि शाहरुख धमैड़ा अड्डा क्षेत्र में एक क्लीनिक चलाता थे। पुलिस जांच में वह एक अपंजीकृत चिकित्सक के रूप में सामने आया है। परिजनों के अनुसार शाहरुख रविवार को घर से एक गमी में जाने की बात कह कर निकले थे। जब वह नहीं लौटे तो उन्होंने उसकी तलाश की। जिसके बाद शव बरामद हुआ। मृतक का निकाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
जांच में जुटी पुलिस, तहरीर का इंतजार
वारदात की सूचना पर सीओ सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को शक है कि शाहरुख को किसी बहाने से बुलाया गया और फिर सुनसान जगह देखकर हत्या कर दी गई। पुलिस अब शाहरुख के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि अंतिम समय में वह किसके संपर्क में थे, इसका पता चल सके।
हजरतपुर के पास एक युवक का शव मिला है, जिसके शरीर पर गोली के निशान हैं। मृतक की पहचान शाहरुख निवासी रुकनसराय के रूप में हुई है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी जाएंगी। - प्रखर पांडेय, सीओ सिटी, बुलंदशहर