बुलंदशहर। क्लीनिक चलाने वाले झोलाछाप ने महिला को शादी का झांसा दिया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी ने इसी दौरान अश्लील वीडियो व फोटो भी खींचकर महिला को ब्लैकमेल किया। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात के एक गांव निवासी महिला ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि नगर के मोहल्ला देवीपुरा निवासी सुनील कुमार फर्जी तरीके से सहकारी नगर पर क्लीनिक का संचालन करता है। आरोप है कि आरोपी से फेसबुक के माध्यम से उनकी जान पहचान हुई थी।
इस दौरान आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए विवाह का प्रस्ताव रखा। इसी दौरान आरोपी उन्हें गाजियाबाद और बुलंदशहर में विभिन्न स्थान पर ले गया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसी दौरान आरोपी ने उनकी अश्लील वीडियो और फोटो भी खींच लिए। जब उन्होंने शादी का विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने 26 अप्रैल 2022 को उन्हें गाजियाबाद ले जाकर शादी कर ली। शादी के बाद पता चला कि आरोपी पहले से शादी शुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। जिसके चलते उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने पुलिस से सेटिंग होने और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। इसके लिए आरोपी ने सितंबर माह में एक फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया। अब एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 82 (2), 351 (2), 352, आइटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।