25 करोड़ से खानपुर में 25 हजार लोगों को मिलेगा शुद्ध पानी
बुलंदशहर। अमृत टू योजना के तहत खानपुर में पेयजल लाइन बिछाने के लिए स्टेट लेवल टेकिभनकल कमेटी (एसएलटीटी) ने अनुमति जारी कर दी है। अब हाई पावर कमेटी की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद टेंडर जारी कर 25.26 करोड़ की लागत से पेयजल लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
खानपुर में घर-घर पेयजल पहुंचाने की जिम्मेदारी जल निगम को दी गई है। काम पूरा होने के बाद 25 हजार लोगों को शुद्घ पानी मिल सकेगा। योजना के तहत 1100 किलोलीटर क्षमता वाले वाटर टैंक का निर्माण करते हुए 3500 घरों में कनेक्शन दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि अगस्त के अंत तक हाई पावर कमेटी से भी अनुमति मिल जाएगी। पेयजल के लिए परेशान नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पानी मिलने की उम्मीद जगी है।
सीवर लाइन कनेक्शन की रफ्तार धीमी
सीवर लाइन के शहर में करीब 30 हजार कनेक्शन किए जाने हैं। करीब चार माह से कनेक्शन चल रहे हैं, लेकिन अभी तक करीब 15 हजार घरों में ही कनेक्शन किए गए हैं। धीमी गति से कनेक्शन होने के कारण अभी भी शहर के लोगों को सीवर लाइन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सीवर लाइन को करीब दो वर्ष पहले ही चालू किया जाना था।
एसटीपी का ट्रायल पूरा, कनेक्शन का इंतजार
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और आइपीएस (इंटीग्रेटेड पंपिंग सिस्टम) का ट्रायल पूरा हो चुका है। अब केवल बिजली कनेक्शन का इंतजार किया जा रहा है। शहर में बने करीब आठ आइपीएस के कनेक्शन पूरे हो चुके हैं, जबकि मोहनकुटी स्थित एसटीपी के कनेक्शन के लिए भूड़ चौराहा स्थित ट्रांसमिशन केंद्र से लाइन खींची जा रही है।
अमृत निदेशालय के साथ ही एसएलटीटी से खानपुर में पेयजल लाइन बिछाने के लिए अनुमति मिल गई है। करीब 25.26 करोड़ रुपये खर्च करके घरों में कनेक्शन किए जाने हैं। हाई पावर कमेटी से स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी। - आशीष कुमार खेवरिया, एक्सईएन, जल निगम