मुरादनगर। रावली रोड स्थित राधाकुंड कॉलोनी में संदिग्ध परिस्थिति में हुई राहुल की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने थाने में प्रदर्शन किया। राधाकुंड कॉलोनी निवासी राहुल की करीब आठ दिन पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। मृतक मां सरोज देवी का आरोप है कि 27 मई को राहुल का अपने ससुराल पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान राहुल की मौत हो गई। राहुल की मां का कहना है कि घटना के बाद से वह लगातार मुरादनगर थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। आरोप है कि उनके बेटे की मौत उसकी पत्नी व सालों द्वारा पीटने से हुई थी। हत्या के मामले में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन और कॉलोनी के लोग ने बृहस्पतिवार को थाने पर प्रदर्शन किया। मृतक की माता और लोगों ने नारेबाजी करते हुए नामजद लोगों की गिरफ्तारी की मांग की। अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। बताया कि उनका बेटा राहुल अपनी पत्नी मोनिका और दो बच्चों के साथ उनकी पुश्तैनी मकान में मुरादनगर में रहता था। एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, इसकी जांच चल रही है।