भाकियू ने एडीओ-पशु चिकित्सक को दो घंटे बंधक बनाया
औरंगाबाद। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को लखावटी एडीओ राजकुमार शर्मा और पशु चिकित्सक सुंदर सिंह के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उन्हें बंधक बनाकर धरना स्थल पर बैठा लिया। करीब दो घंटे बाद किसानों ने थाना प्रभारी को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।
भाकियू महाशक्ति के जिलाध्यक्ष सुनील के नेतृत्व में किसान लखावटी स्टेडियम में नारेबाजी करते हुए पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कहा कि लंबी रोग से ग्रस्त पशुओं के उपचार में चिकित्सकों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि चिकित्सक गांव में घरों तक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे किसान परेशान होकर टीकाकरण के लिए अस्पताल के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। इसके अलावा क्षेत्र में राशन डीलरों द्वारा लोगों को पूरा राशन न देने, बिजली के जर्जर तारों, बिजली करंट से मौत पर पीड़ित को मुआवजा न देने पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही चार सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपकर कार्रवाई की मांग की। मौके पर विनोद गुर्जर, मनोज राजपूत, धर्मवीर सिंह, मनवीर चौधरी, अनूप सिंह, कुमर पाल सिंह, सूबेदार बिजेंद्र सिंह मौजूद रहे।