डिबाई। नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गांव दौगवां निवासी दो भाइयों की 87.78 लाख रुपये की अचल संपत्ति पुलिस-प्रशासन ने कुर्क कर दी। डीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान गांव में मुनादी भी कराई गई।
क्षेत्र में लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी भूपेंद्र और लोकेश निवासी गांव दौगवां थाना डिबाई को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, अब डीएम के आदेश पर शनिवार को एसडीएम डिबाई और सीओ डिबाई ने थाना डिबाई पुलिस टीम व थाना रामघाट पुलिस टीम को साथ लेकर आरोपियों के गांव पहुंचे। जहां आरोपियों की समाज विरोधी क्रिया-कलाप से आर्थिक एवं भौतिक लाभ अर्जित कर क्रय की गई अचल संपत्ति अनुमानित कीमत 87.78 लाख रुपये और गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया है। कुल संपत्ति में एक मकान जिसका क्षेत्रफल 659 वर्ग मीटर और कीमत करीब 45 लाख 20 हजार रुपये है, इसके अलावा कृषि भूमि 1.26 हेक्टेयर जिसकी कीमत करीब 42.58 रुपये है। एसपी देहात बीबी चौरसिया ने बताया कि दोनों आरोपी भाईयों की संपत्ति डीएम के आदेश पर कुर्क कर ली गई है।