बुलंदशहर। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम कुमार हर्ष ने गांव खेरली हाफिजपुर थाना दनकौर जनपद गौतमबुद्धनगर निवासी राहुल शर्मा को भूमाफिया घोषित किया है। पुलिस धोखाधड़ी से अर्जित की गई आरोपी की संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार राहुल शर्मा लंबे समय से अवैध रूप से भूमि पर कब्जा करने, फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि का क्रय-विक्रय करने, कमजोर एवं गरीब व्यक्तियों को धमकाकर उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने जैसे अपराध कारित कर रहा था।
उसके खिलाफ जनपद हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ व गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, मारपीट व जान से मारने की धमकी, अवैध कब्जा एवं अन्य संगीन धाराओं में 24 अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्त की आपराधिक गतिविधियों से आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बना हुआ था। राहुल की आपराधिक गतिविधियों का विस्तृत परीक्षण करते हुए उसके विरुद्ध उपलब्ध अभिलेखों एवं साक्ष्यों के आधार पर भूमाफिया घोषित किए जाने की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की थी जिसके आधार पर राहुल को भूमाफिया के रूप में चिह्नित करते हुए भूमाफिया सूची में घोषित किया गया है।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय का कहना है कि राहुल शर्मा के आपराधिक इतिहास, पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने भूमाफिया के रूप में चिह्नित करते हुए भूमाफिया सूची में घोषित किया है। संवाद