पीपीसी के लिए चिन्हित किया गया आइसोलेशन वार्ड का भवन। संवाद
बुलंदशहर। परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और उपचार के लिए महिलाओं व पुरुषों को अब भटकना नहीं पड़ेगा। जिला महिला चिकित्सालय के प्रथम तल पर चल रही पीपीसी (पोस्टपार्टम केयर यूनिट) को स्थानांतरित किया जा रहा है। इसे अब जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने का कार्य शुरू हो गया है।
दो वर्ष पूर्व तक पीपीसी का संचालन जिला महिला चिकित्सालय के पुराने भवन में होता था। वहां परिवार नियोजन के लिए आने वाले महिला व पुरुषों को उपचार के बाद भर्ती करने और परामर्श देने की सुविधा थी। पिछले एक वर्ष से पीपीसी को मैटरनिटी विंग में संचालित जिला महिला चिकित्सालय के प्रथम तल पर एक कक्ष में चलाया जा रहा था।
इस कक्ष में जगह की समस्या बनी रहती थी। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य ने इस समस्या को दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीपीसी को एक नए और सर्वसुविधायुक्त भवन में शिफ्ट करने को कहा है।
कोट
पीपीसी को जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। यह वार्ड आमतौर पर जरूरत पड़ने पर ही उपयोग में आता था। अब यहां परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे सामान्य वार्ड की भीड़भाड़ से बचा जा सकेगा।
-डॉ. संगीता अनेजा,
प्राचार्य कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज