बारिश में विद्युत आपूर्ति ठप, 400 गांवों में सप्लाई बाधित
बुलंदशहर। जनपद भर में तीन दिन से हो रही बारिश बृहस्पतिवार सुबह को भी जारी रही। बारिश के कारण लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। नगर क्षेत्र समेत करीब 400 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। हालांकि, शाम तक अधिकतर स्थानों पर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।
जनपद में बृृहस्पतिवार सुबह से ही शुरू हुई तेज हवा के साथ बारिश ने लोगों को बिजली संकट में डाल दिया। नगर के विभिन्न इलाकों समेत 400 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने के कारण कई इलाकों में लोगाें को पानी का संकट भी झेलना पड़ा। बारिश के चलते कहीं लाइनों में फाल्ट और ब्रेकडाउन हुआ तो कहीं एहतियातन सप्लाई को बंद कर दिया गया। शहर में करीब तीन घंटे और देहात क्षेत्रों में सात से आठ घंटे तक बिजली गुल रही। रात में बिजली गुल होने के कारण सड़कों पर अंधेरा छाया रहा। वहीं, उपभोक्ता परेशान रहे। ऊर्जा निगम के अफसर-कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर बिजली सुचारु की। जिसके बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बारिश के कारण कुछ जगहों पर फाल्ट, जंफर उड़ने, तार टूटने की समस्या आई थी। जिसका निस्तारण करा कर आपूर्ति को सुचारु कर दिया गया है। - विनोद कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर ऊर्जा निगम