रात भर गुल रही चार हजार घरों की बिजली
बुलंदशहर। जिले में रात्रि के समय फिर बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है। शनिवार रात करीब एक बजे बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा और करीब चार हजार घर अंधेरे में डूब गए। सुबह तक आपूर्ति बहाल न होने पर संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही।
नगर के पुरानी जेल उपकेंद्र से करीब 10 हजार उपभोक्ता जुड़े हुए हैं, जो बिजली आपूर्ति के चलते गत माह से जूझ रहे हैं। शनिवार रात के समय बिजली कटौती की समस्या फिर बन गई। इस दौरान साठा, मामन रोड, मदरसा, सरायधारी, इस्लामाबाद और शीतल गंज आदि कॉलोनी के उपभोक्ताओं को अंधेरे में रहना पड़ा। सुबह तक बहाल न होने पर संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। अधिशासी अभियंता शिव कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान संबंधित क्षेत्र में लाइन और पोल बदलने का कार्य चल रहा है। इसके चलते बिजली कटौती की समस्या है। जल्द ही कार्य पूर्ण हो जाएगा।
आज छह घंटे गुल रहेगी अंसारी रोड बिजलीघर की बिजली
बुलंदशहर। सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे विद्युत पोल को हटाने और लाइन शिफ्टिंग कार्य के चलते सोमवार को छह घंटे बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। इस दौरान बिजलीघर से जुड़े अंसारी रोड, मेन बाजार अस्पताल रोड ईटारोडी, राजेबाबू समेत अन्य क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। एक्सईएन शिव कुमार ने बताया कि 18 जनवरी को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।