ट्रांसफार्मर देरी से बदलने पर अफसरों पर बरसे एमडी
बुलंदशहर। ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक अरविंद मलप्पा बंगारी ने मंगलवार शाम हाइडिल कालोनी स्थित मुख्य आभियंता कार्यालय पहुंचकर निगम के अफसरों के साथ वसूली और निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक की। जिला विकास निधि के माध्यम से जर्जर विद्युत लाइन और बार-बार डैमेज हो रहे ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ट्रांसफार्मर देरी से बदलने की शिकायत मिलने पर नाराजगी जताई।
निगम के एमडी अरविंद मलप्पा बंगारी ने समीक्षा बैठक में पिछले दिनों हुई ऊर्जा मंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग में जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई शिकायत निस्तारण के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी ली। एमडी ने कहा कि शहर से देहात तक रोस्टर के हिसाब से निर्बाध विद्युत आपूर्ति कराई जाएं। बार-बार डैमेज हो रहे ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कर नए ट्रांसफार्मर लगाएं जाएं। वहीं जर्जर विद्युत लाइनों को भी बदला जाएं। जिससे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा ट्रांसफार्मरों के बदलने में होने वाली देरी को लेकर अफसरों को जमकर फटकार लगाई और ट्रांसफार्मर 24 घंटे के अंदर बदले जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब पर्याप्त मात्रा में ट्रांसफार्मर मौजूद हैं तो ट्रांसफार्मरों को बदलने में देरी क्यो हो रही है। ट्रांसफार्मर को निर्धारित समय अवधि में बदला जाएं। ट्रांसफार्मर के बदलने में देरी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। वसूली में पीछे रहने पर भी जमकर फटकार लगाई। समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता आरपीएस तोमर, एसई गिरीश नारायण मिश्रा, सुनील कुमार, एक्सईएन शिव कुमार सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।