बुलंदशहर। नगर के आनंद विहार, कैलाशपुरी और राधानगर में पिछले दाे दिनों से लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय लगातार दूसरे दिन 10 हजार से अधिक घरों में अंधेरा छाया रहा। शनिवार रात करीब नौ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक बिजली गुल रही। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस के बीच रात जाग कर गुजारनी पड़ी। वहीं, अधीक्षण अभियंता ने बिजली आपूर्ति में सुधार की बात कही है।
पिछले कई दिनों से शहर की विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा रही है। दो दिन से नगर के रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र के आनंद विहार, दाल मंडल, कैलाशपुरी और राधानगर आदि क्षेत्र की लाइनों में जगह-जगह फाॅल्ट हो रहे हैं। ऐसे में बिजली संकट गहरा गया है। शनिवार रात करीब नौ बजे बिजली की जर्जर लाइन में फॉल्ट हो गया। इसकी शिकायत के लिए लोगों ने बिजलीघर, जेई, एसडीओ को फोन मिलाया तो संबंधित ने कॉल रिसीव नहीं की। बिजली गुल होने पर अधिकांश लोगों ने जागकर रात गुजारी तो सुबह लोगों को सबसे ज्यादा पानी को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकांश घरों में सुबह का समय होने की वजह से पानी की टंकी खाली हो गई। सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
रोडवेज बस अड्डा निवासी पूनम और काजल ने बताया कि पिछले दो दिन से बिजली संकट की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर लगातार अफसरों से शिकायत की जा रही है। इसके बाद भी समाधान नहीं मिल पा रहा है। बिजली न होने से घरेलू काम पूरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ता आशू व रविंद्र ने बताया कि बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आज व कल लखावटी से पोषित फीडरों की सुबह आठ से 12 बजे तक गुल रहेगी बिजली
शामली-अलीगढ़ लाइन के तार खींचने के लिए 132 केवी लखावटी-जहांगीराबाद एवं 132 केवी लखावटी-रूखी लाइन में शटडाउन रहेगा। ऐसे में 132 केवी उपकेंद्र लखावटी से पोषित सभी 33 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति 21 व 22 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक बाधित रहेगी। ऐसे में परेशानियों से बचने के लिए उपभोक्ता समय से पूर्व बिजली संबंधी कार्य कर लें।
रात में सभी उपभोक्ताओं को बिजली दी जाएगी। शनिवार रात 11 हजार की लाइन में जगह-जगह फाल्ट आने से समस्या बन गई। जिसे सही करवा दिया गया। - ई. गिरीश नारायण मिश्र, अधीक्षण अभियंता