44 करोड़ रुपये से पॉटरी नगरी में विकास कार्य किया जाएगा। सोमवार को हुई नगर पालिका की बोर्ड बैठक में इसकी स्वीकृति मिल गई है। इस बजट के अतंर्गत नगर के मोहल्लों में सड़क निर्माण, पथप्रकाश व्यवस्था, पार्क, पेयजल, सीवरेज के कार्य कराए जाएंगे।
वहीं, बैठक में भूमि के पट्टे, पालिका में कमेटियों के गठन आदि मुद्दो पर चर्चा करते हुए सभासद आपस में भिड़ गए। इसके चलते बैठक में हंगामा खड़ा हो गया। नगर पालिका की बोर्ड बैठक सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई। बैठक में प्रस्तुत किए 29 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
इसके बाद इसे सर्वसम्मति से पास कर दिया। बैठक में एक सभासद ने आपत्ति दर्ज कराई कि पथप्रकाश के लिए उपकरण मांगे जाने पर नहीं मिलते। वहीं, ई-रिक्शा नियंत्रण के लिए पंजीकरण किए जाने के बाद 120 रुपये वार्षिक शुल्क का निर्धारण किया गया।
शहर में ई-रिक्शा संचालन में रूट निर्धारण को लेकर सभासदों के एक पक्ष ने विरोध जताया। वहीं, डॉ यामीन के मोहल्ला सरायअल्लो स्थित भूमि के निरस्त आवंटन को बहाल करने की मांग पर सभासद अखलाक अंसारी ने विरोध किया। बैठक में चैयरमैन रफीक फड्डा मौजूद रहे।