शिवभक्तों को घर बैठे गंगाजल उपलब्ध कराएगा डाक विभाग
बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण के दौरान इस बार कांवड़ यात्रा पर रोक लगी हुई है। सीमाओं पर सख्ती होने की वजह से शिवभक्त गंगाजल ला नहीं पा रहे हैं। ऐसे शिवभक्तों के लिए डाकघर से गोमुख का गंगाजल उपलब्ध करा रहा है। नगर के प्रधान डाकघर व खुर्जा के उप डाकघर में गंगाजल की बिक्री शुरू हो गई है।
सावन माह में पवित्र गंगाजल का विशेष महत्व होता है। इस माह में शिवभक्त भगवान शंकर का गंगाजल से जलाभिषेक करते हैं। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार यूपी-हरियाणा और उत्तराखंड सरकार ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है, जिसके बाद यूपी-उत्तराखंड की सीमाओं पर सख्ती की वजह से शिवभक्त हरिद्वार-ऋषिकेश-गोमुख आदि से गंगाजल लाने में असमर्थ हैं। सावन माह में शिवभक्तों को गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए गत वर्षों की तरह इस बार भी डाकघर ने गोमुख के गंगाजल की बिक्री को लेकर काउंटर लगा दिया है।
250 मिलीलीटर की बोतल 30 रुपये में
प्रधान डाकघर व खुर्जा के उप डाकघर में गंगाजल की बिक्री को लेकर काउंटर बनाए गए हैं। जहां 30 रुपये में 250 मिली लीटर की एक गंगाजल की बोतल मिल रही है। डाक अफसरों के अनुसार गत वर्ष गंगाजल लेने के लिए काफी संख्या में शिवभक्तों उमड़े थे। इस बार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बिक्री की जाएगी।
केंद्र सरकार के निर्देश पर डाकघरों में गंगाजल की बिक्री करने की योजना शुरू हुई थी। योजना के तहत डाक विभाग गंगोत्री स्थित गोमुख से गंगाजल लाता है। गंगाजल आने पर काउंटर लगवाकर बिक्री शुरू करवा दी गई हैं।
- केएस यादव, डाक अधीक्षक