बुलंदशहर। रक्षाबंधन के मद्देनजर रविवार को भी बुलंदशहर का मुख्य डाकघर और खुर्जा डाकघर खुले रहेंगे। दोनों डाकघर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ग्राहकों के लिए खुले रहेंगे। इसकी जानकारी डाकघर के पोस्टमास्टर पवन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों को डाक के माध्यम से राखी भेज रही हैं। जनपद में उपलब्ध राखी के लिफाफे भी भारी संख्या में खरीदे गए हैं।
त्योहार को देखते हुए और बहनों की सुविधा के लिए रविवार को भी जनपद का मुख्य और खुर्जा डाकघर को खुले रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि डाकघर में राखी भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे भी उपलब्ध रहेंगे। ग्राहक इनमें राखी रखकर डाक से भेज सकते हैं। इसके अलावा अपने लिफाफे या पार्सल पर राखी मेल लिखकर भी राखी भेजी जा सकती है। रक्षाबंधन के दिन अन्य पार्सल और डाक की बुकिंग भी की जाएगी।