जिले की हवा अब भी खराब, कागजों में लागू है ग्रैप
बुलंदशहर। जिले की हवा अब भी खराब श्रेणी में है। रविवार को शहर का एक्यूआई 278 मापा गया। जिले में पिछले 10 दिनों में पांच दिन एक्यूआई 300 से अधिक रहा। बावजूद इसके ग्रैप (ग्रेडेट रिस्पांस एक्शन प्लान) लागू नहीं किया गया। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक जिले में ग्रैप का तीसरा चरण लागू है।
दिवाली पर हुई आतिशबाजी के चलते शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले एक सप्ताह से 300 के पार पहुंच चुका है, जबकि 15 अक्तूबर से शहर का एक्यूआई 200 के पार चल रहा था। इसे कम करने के लिए जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसके कारण दिन-प्रतिदिन शहर के एक्यूआई में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वायु प्रदूषण के कारण लोगों की आंखों में जलन होने के साथ सिरदर्द की समस्या भी बनने लगी है। इसके चलते सुबह के समय में लोगों ने घूमना कम कर दिया है। शनिवार को शहर का एक्यूआई जहां 317 मापा गया था तो रविवार को वह घटकर 278 पर पहुंच गया। इससे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है लेकिन ग्रैप लागू न होने के कारण स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल दिख रहा है। नगर समेत जनपदभर में निर्माण कार्य चल रहा है और निर्माण कार्य में प्रयोग में आने वाली सामग्री को भी ढककर नहीं रखा जा रहा। साथ ही सुबह-शाम कूड़ा-कचरा जलाया जा रहा है।
300 से अधिक एक्यूआई होने पर यह नियम होने थे लागू
- सड़कों पर प्रतिदिन पानी का छिड़काव कराने के साथ साफ-सफाई
- तंदूर में कोयला और लकड़ी जलाने पर प्रतिबंध
- अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी जगह डीजल जनरेटरों के संचालन पर प्रतिबंध
- सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर रोग, भवन निर्माण को ढंककर रखना
- निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल
- कूड़ा और पराली जलाने वालों पर कार्रवाई के साथ जुर्माना लगाना
इन दिनों सर्वाधिक रहा शहर का एक्यूआई
तारीख एक्यूआई
23 अक्तूबर 310
25 अक्तूबर 331
27 अक्तूबर 329
28 अक्तूबर 317
29 अक्तूबर 317
शहर के एक्यूआई की स्थिति में सुधार हुआ है। कुछ दिनों में प्रदूषण के स्तर में और कमी आने की उम्मीद है। - सपना श्रीवास्तव, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी
जिले में ग्रैप-थर्ड को लागू किया गया है। एक्यूआई 300 से अधिक होता है तो निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगा दी जाएगी। - चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम